भरमौर (चंबा)। विधायक बनने के बाद पहली बार ग्राम पंचायत तुंदाह पहुंचे डॉ. जनकराज का पहले ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। उसके बाद उनके समक्ष क्षेत्र की समस्याएं रखीं। इनका समाधान करने के लिए विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए। लोगों ने विधायक के समक्ष सड़क, बिजली और पानी से संबंधित समस्याएं उठाईं।
इस दौरान तुंदाह और बड़ग्रां में चल रही बिजली की समस्या से लोगों ने विधायक को अवगत करवाया। इसको लेकर विधायक ने लोगों से कहा कि इन दोनों पंचायतों में बिजली की समस्या शीघ्र खत्म होने वाली है। इसके लिए हरछु में विद्युत सब स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। इसके उपरांत इन पंचायतों में बिजली की समस्या नहीं सताएगी। इसके अलावा लोगों ने तरेला-बन्नी सड़क के निर्माण कार्य को लेकर ठेकेदार की मनमर्जी को भी विधायक के समक्ष रखा। इसको लेकर विधायक ने तुरंत लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। कहा कि सड़क में जहां तंग मोड़ हैं, उन्हें चौड़ा करके सुगम बनाया जाए। इस दौरान विधायक के समक्ष कई लोग चिकित्सीय परामर्श लेने भी पहुंचे। विधायक ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए वह राजनीति में आए हैं।