चंबा में जुलाहकड़ी के पास लगा वाहनों का जाम।
चंबा। जुलाहकड़ी के पास ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन सुबह के समय जाम लगने से स्कूली बच्चे और नौकरीपेशा लोग समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। मंगलवार को सुबह 8:40 बजे जुलाहकड़ी के पास ट्रैफिक जाम हो गया। इसमें एंबुलेंस से लेकर स्कूली बच्चों सहित अन्य वाहन फंस गए। भरमौर चौक से लेकर हरदासपुरा चौक तक वाहनों की कतारें लग गईं। जाम को खुलवाने के लिए एक महिला पुलिस कर्मी वहां नजर आईं। उनके लिए इतना लंबा जाम खुलवाना मुश्किल हो रहा था। जाम के कारण कई बच्चे अपने स्कूलों में देरी से पहुंचे। स्थानीय लोगों सुधीर कुमार, सूरज, विकास ठाकुर, देवेंद्र कुमार, विनोद कुमार, गुरमीत और नरेंद्र कुमार ने बताया कि जुलाहकड़ी और हरदासपुरा में ट्रैफिक जाम की समस्या आम होती जा रही है। इसका समाधान करने के लिए पुलिस और प्रशासन को उचित कदम उठाने चाहिए अन्यथा सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी परेशानी होती है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि इस समस्या का समाधान करने के लिए यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई जाएगी।