चंबा में डलहौजी के करेलनु वैली में बर्फ के बीच मस्ती करते पर्यटक।संवाद
जिले के 100 गांवों में अभी भी नहीं आई बिजली
बारिश और बर्फबारी के बाद 27 सड़कों पर भी बहाल नहीं हो पाया है यातायात
बिजली, सड़कें और पेयजल लाइनें बहाल करने में जुटे हैं संबंधित विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला चंबा में बारिश और बर्फबारी के बाद रविवार को धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन 100 गांव अभी भी अंधेरे में डूबे हैं।
लोगों को कड़ाके की ठंड में बिना बिजली रहना पड़ रहा है। इन गांवों में बिजली आपूर्ति मुहैया करवाने वाले 71 ट्रांसफार्मर बंद हैं। इन ट्रांसफार्मरों को चालू करवाने के लिए बिजली बोर्ड के कर्मचारी पूरी मशक्कत के साथ कार्य कर रहे हैं। बर्फबारी से प्रभावित इलाकों में कर्मचारियों के लिए भी काम करना मुश्किल हो रहा है। इतना ही नहीं, जिले में लोक निर्माण विभाग ने अधिकतर बंद पड़ी सड़कों को बहाल करवा दिया है। अभी भी 27 सड़कें बर्फबारी के कारण बंद पड़ी हैं। इन्हें बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग जुटा है। जिन इलाकों में सड़कें बंद हैं, वहां रहने वाले लोगों को पैदल ही यात्रा करनी पड़ रही है। पांगी में सबसे ज्यादा सड़कें बंद पड़ी हैं। जिला मुख्यालय से मुख्य सभी सड़कों को विभाग ने बहाल कर दिया है।
शनिवार को जिले के ऊपरी इलाकों में अचानक हिमपात शुरू हो गया। निचले क्षेत्रों में बारिश होने से समूचा क्षेत्र ठंड की चपेट में आ गया है। रविवार को जैसे ही आसमान में धूप खिली तो लोगों ने राहत की सांस ली। लोक निर्माण विभाग ने जहां बंद सड़कों को बहाल करने का कार्य शुरू किया। बिजली बोर्ड और जल शक्ति विभाग ने भी क्षतिग्रस्त लाइनों का मरम्मत कार्य चलाया। लोक निर्माण विभाग ने चंबा-जोत मार्ग सहित पांच अन्य मार्गों को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। उधर, उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि जिले में सड़क, बिजली की व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए संबंधित विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहे हैं। प्रशासन भी विभागों को दिशा-निर्देश जारी कर रहा है। मौसम की बेरुखी से बहाली का कार्य प्रभावित हो रहा है।