चंबा। नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष के चौंतड़ा वार्ड की गलियां तो साफ हैं, लेकिन गीले कचरे के निष्पादन के लिए इंतजाम नहीं हैं।
नगर परिषद जमीन की तलाश कर रही है। साथ प्रशासन को भी जमीन की तलाश के लिए पत्र लिखा है। लोगों का कहना है कि डो-टू-डोर कूड़ा उठाने की योजना के इस वार्ड में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड में जगह-जगह कूड़े के ढेर नहीं लगते हैं। कभी-कभार सफाई कर्मचारी कूड़े के भरे बोरे रख देते हैं फिर इन्हें समय पर नहीं उठाया जाता है। उन्होंने कहा कि गीले कचरे के निष्पादन की व्यवस्था न होने से वार्ड के बाहर के क्षेत्र में गंदगी फैल रही है। सफाई कर्मचारी घरों से गीला कचरा ले जाते हैं और निष्पादन की जगह न मिलने पर नालों में ठिकाने लगा दिया जाता है।
सफाई कर्मचारी घरों से कूड़ा ले जाते हैं, लेकिन उसके बाद निष्पादन के लिए जगह न हाेने के चलते उसे वार्ड के बाहर नाले में फेंक देते हैं। नगर परिषद को जल्द जगह चिह्नित करनी चाहिए। - हरेंद्र सिंह
शहर के बाहरी क्षेत्रों में गंदगी बिखरी पड़ी है। नालों के पास रिहायश नहीं होने से पूरे शहर की गंदगी इन नालों में ठिकाने लगा दी जाती है। नगर परिषद को गीले कचरे के निष्पादन का प्रबंध करना चाहिए। - ओम प्रकाश
वार्ड में लोगों के घरों से सफाई कर्मचारी कूड़ा उठाकर और उसे बीनकर बोरे में भरकर रख देते हैं। कई बार ये कर्मचारी समय पर कूड़े से भरे बोरों को उठाने नहीं आते हैं। इससे गंदगी का आलम रहता है। - भपेंद्र राजू
सफाई कर्मचारी लोगो के घरों से कूड़ा लेकर अपना काम कर देते हैं, लेकिन कूड़े का निष्पादन न हो पाना शहर की सबसे बड़ी समस्या है। इस बारे में नगर परिषद को चंबा उचित पहल करनी चाहिए। - वीके नैयर
नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने कहा कि गीले कचरे के सही निष्पादन के लिए जगह की तलाश की जा रही है। प्रशासन को भी लिखा गया है। उम्मीद है कि प्रशासन जल्द समस्या का समाधान करेगा। वर्तमान में कुरांह में ही गीला कचरा भेजा जा रहा है।
सफाई ठेकेदार अविनाश का कहना है कि जगह की कमी के चलते गीले कचरे के निष्पादन में परेशानी हो रही है। इस बारे में नगर परिषद को अवगत करवाया गया है।