पुलिस की देखरेख में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। डलहौजी डाकघर में प्रशिक्षण के लिए आए कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुशल पठानिया (59) पुत्र वचित्र सिंह गांव व डाकघर बौढ़ तहसील नूरपुर के रूप में हुई है। मृतक चुवाड़ी डाकघर में कार्यरत था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बेसुध कर्मी को डलहौजी अस्पताल पहुंचाया जहां पर तैनात चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस देखरेख में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के मुताबिक रविवार को कुशल पठानिया डलहौजी डाकघर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए पहुंचे थे। प्रशिक्षण के बाद वह अपने सहयोगी बनीखेत निवासी सुरेंद्र कुमार के घर चले गए। सोमवार की सुबह सुरेंद्र कुमार जब कुशल पठानिया को नाश्ते के लिए बुलाने गए तो वह बेसुुुध पड़ा था। उन्होंने तुरंत 108 एंबुलेंस और बनीखेत पुलिस चौकी में इसके बारे में सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम की मदद से बेसुध हालत में कुशल पठानिया को डलहौजी अस्पताल पहुंचाया जहां चेकअप करने के बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। डलहौजी के डीएसपी हेमंत ठाकुर ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में जुटी है।