तीसा (चंबा)। चुराह उपंमडल के नकरोड़-गडफरी-थल्ली मार्ग पर सोमवार शाम करीब 4:30 बजे (पंगोला नाला) में अचानक बढ़े जलस्तर से नाला पार कर रहे स्कूली बच्चों की सांसें अटक गईं। गनीमत रही कि बच्चों ने आगे बढ़ने के बजाय वापस लौटना मुनासिब समझा। करीब 40 मिनट तक नाले के एक किनारे पर इंतजार करने के बाद आखिरकार बच्चों के अभिभावकों ने मौके पर पहुंचकर नाले का जलस्तर कम होने पर बड़ी मुश्किल से बच्चों को एक-एक कर नाला सुरक्षित पार करवाया। बता दें कि आए दिन इस नाले का जलस्तर बढ़ जाता है। विद्यार्थियों समेत लोगों की आवाजाही का भी यही एक रास्ता है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार देर शाम उपमंडल चुराह में हुई बारिश के कारण नकरोड़-थल्ली-गडफरी मार्ग के बीच नाले में एकाएक पानी का स्तर बढ़ गया। ऐसे में प्राइमरी और मिडल स्कूल थल्ली के करीब 40 बजे बच्चे छुट्टी कर गडफरी, थकयुवा, बंजवाड़ स्थित अपने घरों को लौट रहे थे कि वे नाले में ही फंस गए। इसके चलते विद्यार्थियों को नाले के दूसरे छोर पर पहुंचना काफी मुश्किल हो गया। गनीमत रही कि किसी भी छात्र ने नाले को पार करने की कोशिश नहीं की नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। विद्यार्थी नाले के एक किनारे पर करीबन 40 मिनट अपने अभिभावकों के इंतजार में खड़े रहे। आखिरकार अभिभावकों ने खतरे की स्थिति को देखते हुए खुद ही बच्चों को नाले के पार पहुंचाने की ठानी। इसके बाद अभिभावकों ने काफी मशक्कत के बाद बच्चों को नाले के दूसरे छोर तक सुरक्षित पहुंचाया। अभिभावकों ने नाले पर पुल का निर्माण करवाने की मांग की है। साथ ही राजकीय प्राथमिक पाठशाला गड़फरी का दर्जा बढ़ाने की भी मांग उठाई है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शैलेश राणा ने बताया कि नाले का थोड़ी बारिश होने पर जलस्तर बढ़ जाता है। ऐसे में मार्ग भी बार-बार बहाल करने पर फिर से बंद पड़ रहा है। बारिश में लोगों को किसी प्रकार की रिस्क नहीं लेना चाहिए।