रावी की धारा पर जल्द शुरू होगा राफ्टिंग का रोमांच
जिला पर्यटन विभाग मार्च या अप्रैल महीने के पहले सप्ताह में शुरू करेगा रिवर राफ्टिंग
राफ्टरों ने भी भरी हामी, परेल से उदयपुर तक सफल रहा ट्रायल, पर्यटन को लगेंगे पंख
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। सैलानी जल्द ही रावी नदी की धारा पर अठखेलियां करते नजर आएंगे। पर्यटन विभाग मार्च के अंत या अप्रैल के पहले सप्ताह में रिवर राफ्टिंग शुरू करने जा रहा है। इसके लिए रिवर राफ्टरों ने भी हामी भर दी है।
साहसिक गतिविधियां शुरू होने से जिले में पर्यटन कारोबार को पंख लगेंगे। साथ ही बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। पर्यटन विभाग ने अपने स्तर पर रिवर राफ्टिंग शुरू करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिला चंबा में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। वैश्विक महामारी कोरोना काल के बाद से होटल व्यवसाय को पटरी पर लाने और रोजगार के साधन उत्पन्न करने के लिए जिला पर्यटन विभाग ने अपने स्तर पर कार्य शुरू किया है। जिला प्रशासन के प्रयासों से अब चंबा में परेल से उदयपुर तक रिवर राफ्टिंग की संभावनाओं को देखते हुए ट्रायल किया गया है। यह सफल रहा है। चंबा के युवाओं को रिवर राफ्टिंग से रोजगार देने की तैयारी है। अब मार्च के अंत या अप्रैल के पहले सप्ताह में परेल से उदयपुर तक रिवर राफ्टिंग शुरू हो जाएगी। इसके लिए करीब पांच रिवर राफ्टिंग करवाने वाले आयोजकों ने हामी भरी है।
उधर, जिला पर्यटन अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि मार्च के अंतिम सप्ताह या अप्रैल के पहले सप्ताह में रावी नदी में परेल से उदयपुर तक रिवर राफ्टिंग शुरू करने की योजना है। रिवर राफ्टिंग करवाने के लिए पांच लोगों ने हामी भरी है। साहसिक गतिविधियां शुरू होने से पर्यटन को पंख लगेंगे।