चंबा करंगढ नाग जातर मेले के दौरान मुख्यतिथि को सम्मानित करते आयोजक।संवाद
करंगढ़ नाग देवता के जातर मेले में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने टेका माथा
सांस्कृतिक संध्या में लोक गायिका पुष्पा ने बेहतरीन प्रस्तुतियों से बांधा समां
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। श्रावण मास के पावन अवसर पर जिले के प्रसिद्ध करंगढ़ नाग देवता मंदिर में पारंपरिक जातर मेले का आयोजन किया गया। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने नाग देवता के दरबार में शीश नवाया और परिवार व समाज की सुख-समृद्धि, शांति की कामना की। करंगढ़ नाग देवता के गूर तिलक सिंह ने बताया कि पवित्र जातर प्रत्येक वर्ष पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजित की जाती है। इस दौरान सांस्कृतिक संध्या में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) सरू की मीडिया समन्वयक डॉ. कविता बिजलवान मुख्य अतिथि रहीं। मंदिर समिति ने उन्हें शॉल एवं हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया। उनके साथ रमेश सिंह बिजलवान भी उपस्थित रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजकीय उच्च विद्यालय कुठेड़ की छात्राओं ने हिमाचली लोक संस्कृति से ओत-प्रोत मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह की सराहना प्राप्त की। अध्यापक अनिल कुमार भी बच्चों के साथ उपस्थित रहे। जिला चंबा की सुप्रसिद्ध लोक गायिका पुष्पा कुमारी ने मधुर एवं लोकधुनों से सजी प्रस्तुतियों के माध्यम से संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। दर्शक देर तक लोकगीतों की मधुर स्वर लहरियों का आनंद लेते रहे। मंदिर के पुजारी मेहर दत्त शर्मा भी उपस्थित रहे।