तीसा (चंबा)। तीसा-सनवाल मार्ग पर छह घंटे तक वाहनों की आवाजाही थमी रही। इससे राहगीरों समेत वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पीएचसी जज्झाकोठी की एंबुलेंस के सड़क पर पलटने से यह नौबत पेश आई। आखिरकार सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची मशीनरी से कड़ी मशक्कत के बाद सायं चार बजे एंबुलेंस को सड़क से हटाया गया। इसके बाद ही मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए खुल पाया।
ग्रामीणों राकेश कुमार, नरेश कुमार, दिलीप कुमार, प्रमोद कुमार और सरणो ने बताया कि वीरवार सुबह करीब 10:00 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जज्झाकोठी के समीप सड़क किनारे खड़ी एंबुलेंस की छत पर पहाड़ी से चट्टान गिर गई। इससे एंबुलेंस सड़क के बीचोबीच पलट गई। जज्झाकोठी-बंजार सड़क किनारे दुकानों और गांव को भी अब खतरा हो गया है। ग्रामीणों ने समस्या का समाधान करवाने की मांग उठाई है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगिंदर शर्मा ने बताया कि सड़क से एंबुलेंस हटा कर मार्ग यातायात के लिए बहाल करवा दिया गया है।