खास खबर
क्यूआर कोड बताएगा, किस प्रजाति का है पौधा
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह की पहल
रोपित किए पौधों को लगाया क्यूआर कोड
संवाद न्यूज एजेसी
डलहौजी (चंबा)। मिशन लाइफ के तहत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह के ईको क्लब ने एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत शुक्रवार को स्कूल परिसर में लगाए गए सभी पौधों को क्यूआर कोड से जोड़ा। यह गतिविधि शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आरंभ की गई पहल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रत्येक पौधे के साथ लगाए गए इन क्यूआर कोड्स को स्कैन करने पर उस पौधे के बारे में पूरी जानकारी मिल जाएगी। इसमें पौधे का नाम, प्रजाति, औषधीय गुण, देखभाल के निर्देश और रोपण की तिथि के बारे में भी पता चल जाएगा। यह पहल विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें तकनीकी कौशल से भी जोड़ती है। स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने कहा कि यह कदम विद्यार्थियों को प्रकृति के करीब लाने के साथ-साथ उन्हें पर्यावरण संरक्षण में तकनीक के समावेश का वास्तविक अनुभव देगा। ईको क्लब के समन्वयक अंकुश शर्मा ने बताया कि यह परियोजना मिशन लाइफ के छह प्रमुख सिद्धांतों में से एक पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए आरंभ की है। विद्यार्थियों ने स्वयं क्यूआर कोड बनाए और उन्हें पौधों पर लगाया, जिससे उन्हें एक रचनात्मक और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। इस पहल के तहत स्कूल में पौधरोपण, जागरूकता के लिए लघु नाटिका, पोस्टर निर्माण आदि प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया। इस नवाचार की शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भरपूर सराहना की। यह पहल निश्चित रूप से अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणादायक साबित होगी।