तेलका में रामलीला के दौरान हल जोतते राजा जनक |
तेलका (चंबा )। रामलीला युवा क्लब मंडल तेलका की ओर से आयोजित रामलीला में सीता जन्म लीला का भावपूर्ण मंचन हुआ। इस दौरान रामलीला परिसर माता सीता के जयकारों से गूंज उठा। कलाकारों ने अपनी अभिनय कला के माध्यम से माता सीता के प्राकट्य की पौराणिक कथा को जीवंत कर दिया। युवा क्लब मंडल तेलका के प्रधान धर्मेंद्र, उपाध्यक्ष मनोज राजपूत, सचिव मनोज शर्मा, सदस्य अंकित, राहुल शर्मा आदि ने बताया कि पौराणिक कथा के अनुसार मिथिला के राजा जनक एक बार खेत में हल चला रहे थे। धार्मिक मान्यता के अनुसार जब राजा जनक भूमि की जुताई कर रहे थे, उसी दौरान हल का अग्रभाग धरती में स्थित एक पात्र से टकराया। वहां उन्हें एक दिव्य कन्या प्राप्त हुई। राजा जनक और उनकी पत्नी रानी सुनयना ने इस कन्या को अपनी पुत्री के रूप में स्वीकार किया और उसका नाम सीता रखा। हल की नोक को सीत कहा जाता है, इसलिए कन्या का नाम सीता पड़ा। माता सीता को भूमि पुत्री और जानकी के नाम से भी जाना जाता है।