चुराह (चंबा)। नागरिक अस्पताल तीसा में खंड चिकित्सा अधिकारी का पद एक दशक से खाली पड़ा हुआ है। मौजूदा समय में खंड चिकित्सा अधिकारी का कार्यभार यहां के वरिष्ठ डॉक्टर को सौंपा गया है। लिहाजा उन्हें कार्यालय के कामकाज के साथ मरीजों का दैनिक चेकअप भी करना पड़ता है। पद को भरने की मांग करने के बावजूद अब तक यह पद भरा नहीं गया है।
इसके पीछे एक कारण ग्रामीण इलाका होना भी हो सकता है। क्योंकि पिछले वर्ष एक अधिकारी के आदेश सरकार ने किए थे लेकिन उन्होंने भी ग्रामीण इलाका होने के कारण नागरिक अस्पताल तीसा में बतौर खंड चिकित्सा अधिकारी यहां ज्वाइन नहीं किया। यही कारण है कि नागरिक अस्पताल तीसा में खंड चिकित्सा अधिकारी का पद एक दशक से खाली चल रहा है। गौरतलब है कि नागरिक अस्पताल तीसा के तहत नौ प्राथमिक और 19 उपस्वास्थ्य केंद्र संचालित किए जाते हैं। इन सभी केंद्रों की कार्य व्यवस्था के साथ नागरिक अस्पताल तीसा की भी कार्यप्रणाली का कुशल संचालन करवाने की जिम्मेदारी खंड चिकित्सा अधिकारी की रहती है। इसके साथ ही विभागीय और प्रशासनिक बैठकों का सफल आयोजन भी उन्हें करना पड़ता है। कार्यकारी खंड चिकित्सक डॉ. ऋषि पुरी का कहना है कि विभागीय बैठकों में वह इस मामले को प्राथमिकता से उठाते हैं। इसको लेकर आला अधिकारियों ने खंड चिकित्सक अधिकारी के जल्द नियुक्त होने का आश्वासन दिया है।