चंबा। जनजातीय क्षेत्र भरमौर और पांगी के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में चल रही चिकित्सकों और अन्य सुविधाओं की कमी दूर होने वाली है।
प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में चल रही कमियों का ब्योरा मांगा है। भरमौर, पांगी और धरवाला के स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों सहित अन्य स्टाफ के रिक्त पदों के बारे में पूरा ब्योरा मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सरकार को भेज दिया है। सरकार शीघ्र रिक्त पदों पर तैनाती के आदेश निकाल सकती है। जनजातीय क्षेत्र पांगी सर्दियों में पूरे विश्व से कट जाता है। ऐसे में कई बार मरीज की हालत काफी खराब हो जाती है। ऐसे हालात में उसे पांगी घाटी से बाहर निकालना परिजनों के लिए काफी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यदि स्टाफ की कमी दूर होगी तो पांगी वासियों को सर्दियों के मौसम में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया होंगी।
भरमौर और धरवाला के स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की कमी के बारे में भी एक रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सरकार को भेज दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल महाजन ने बताया कि सरकार ने भरमौर, पांगी और धरवाला में चल रही चिकित्सकों और अन्य स्टाफ की कमी का ब्योरा मांगा था। इसे सरकार को भेज दिया गया है।