चंबा के भरमौर में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुलवीर सिंह राणा को नशे को लेकर ज्ञापन देते एबीवीपी
भरमौर (चंबा)। जिले के युवाओं को नशे की गर्त में धंसने से बचाने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रदेश स्तर पर जनजागरण अभियान चला रखा है। इसी कड़ी में मंगलवार को एबीवीपी इकाई भरमौर के अध्यक्ष अंशुल पटियाल की अगुवाई में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुलवीर सिंह राणा को ज्ञापन सौंपा गया। पटियाल ने बताया कि पिछले दस वर्षो में प्रदेश में नशे से जुड़े संलिप्तता के मामलों में निरंतर वृद्धि हो रही है। 13 महीनों में ही एनडीपीएस अधिनियम के तहत 1943 मामले दर्ज हुए हैं। उन्होंने भरमौर प्रशासन से मांग की है कि उपमंडल स्तर पर चिट्टे को रोकने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद ली जाए। उपमंडल के सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाई जाए। नशे के संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर गश्त और छापामारी की जाए। वहीं, उपमंडल के समस्त शिक्षण संस्थानों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के अलावा नशा निवारण केंद्रों की मदद से प्रशिक्षण शिविर लगाने, उपमंडल स्तर पर उड़नदस्तों का गठन करने सहित संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की।