बारिश नहीं होने से खत्म हो रही थी हरियाली
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार का झील मैदान बारिश के बाद अब हरा-भरा नजर आएगा। बर्फबारी के बाद बारिश का इंतजार था। बारिश के बिना मैदान की हरियाली गायब होती नजर आ रही थी। पर्यटकों के लिए यह मैदान आकर्षण का मुख्य केंद्र रहता है। यहां पर चहलकदमी करके और सेल्फी लेकर पर्यटक अपनी यादों को यादगार बनाते हैं। स्थानीय लोगों हंसराज, विशाल, सुनील कुमार, जितेंद्र, रवि कुमार, केवल और प्रदीप ने बताया कि झील के चारों तरफ मैदान है। बारिश नहीं होने के कारण वहां घास का नामोनिशान मिट चुका था। वीरवार को हुई बारिश इस मैदान की घास को संजीवनी प्रदान करेगी। कुछ दिनों में यह मैदान फिर से हरा-भरा हो जाएगा जो पर्यटन सीजन में पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।