किहार (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला किहार में स्कूल प्रबंधन समिति के चुनाव मामले को लेकर शिक्षा विभाग से टीम स्कूल परिसर में पहुंची।
इस दौरान टीम ने प्रधानाचार्य, शिकायतकर्ता और चुने गए अध्यक्ष के बयान कलमबद्ध किए। यह रिपोर्ट उच्चाधिकारियों के समक्ष पेश की जाएगी। निरीक्षण विंग के प्रधानाचार्य भाग सिंह चौहान को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह मामला जिला प्रशासन के माध्यम से शिक्षा विभाग तक पहुंचा है। विभाग की ओर निष्पक्ष की जांच की जा रही है। इसके बाद ही अब एसएमसी गठन को लेकर आगामी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। बीते दिनों स्कूल में एसएमसी गठन के लिए आम सभा का आयोजन किया गया था। कोरम पूरा न होने के कारण कम संख्या के तहत एसएमसी अध्यक्ष का चुनाव कर लिया गया। इसका कुछ अभिभावकों ने विरोध किया और मामले की शिकायत जिला प्रशासन से कर दी। जिला प्रशासन के पास शिकायत पहुंचने के बाद मामले को लेकर जांच टीम गठित की गई। वीरवार को जांच टीम मौके पर पहुंची और आगामी जांच प्रक्रिया अमल में लाई गई। उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा प्यार सिंह चाढ़क ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम मौके पर भेजी गई है। कहा कि रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।