चंबा रुमाल में महारत हासिल करेंगी चुराह की युवतियां
चंबयाल प्रोजेक्ट 2.0 के तहत चंबा रुमाल का प्रशिक्षण शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। चुराह उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत तीसा की 35 युवतियां चंबा रुमाल में महारत हासिल करेंगी। सोमवार को ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान चंबा की ओर से चंबयाल प्रोजेक्ट 2.0 के तहत चंबा रुमाल का प्रशिक्षण आरंभ हुआ। प्रशिक्षण का शुभारंभ तीसा पंचायत प्रधान कृष्णा महाजन और पंचायत निरीक्षक पवन कुमार ने किया। इस अवसर पर आरसेटी चंबा के निदेशक कुमार प्रशांतम भी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम जिला ग्रामीण विकास अभिकरण चंबा की ओर से प्रायोजित किया गया है। कुमारी निशा युवतियों को प्रशिक्षण देंगी। आरसेटी चंबा के निदेशक ने बैंक की विभिन्न योजनाओं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना, अटल पेंशन योजना आदि के बारे में जानकारी दी। कहा कि चंबा रुमाल का प्रशिक्षण प्रदान कर युवतियों को स्वावलंबी बनाना है।