चंबा। वन विभाग ने चंबा में 20 घायल वन्य पक्षियों को जीवनदान दिया है। अलग-अलग प्रजाति वाले 20 वन्य पक्षी घायल अवस्था में वन विभाग के पास पहुंचे। इनका बारगाह में बनाए गए विशेष केंद्र में इलाज किया गया। इसके लिए वन विभाग के कर्मचारियों ने चिड़ियाघर में तैनात पशु विशेषज्ञों से ऑनलाइन परामर्श लिया। उसके मुताबिक घायल पक्षियों का इलाज किया। घायल पक्षियों में दुर्लभ गिद्ध, चील, बाज, कबूतर सहित अन्य प्रजाति के पक्षी शामिल रहे जो अब स्वस्थ होकर खुले आसमान में उड़ान भर चुके हैं। मौजूदा समय में वन विभाग के पास एक घायल बाज ही उपचाराधीन है जो दो दिन पहले ही पावर हाउस के पास घायल अवस्था में मिला था। वह भी अब स्वस्थ हो चुका है। वन रक्षक विनोद कुमार इन घायल पक्षियों को उपचार देने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। वन मंडल अधिकारी चंबा कृतज्ञ कुमार ने बताया कि अब तक 20 घायल पक्षियों को उपचार देकर खुले आसमान में छोड़ दिया है। कई पक्षी पतंग की डोर में फंसने से घायल हुए थे तो कई अन्य कारणों से घायल थे।