चंबा में वरुण शर्मा के घर की ओर जाता रास्ता।संवाद
बनीखेत। भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी चंबा के वरुण शर्मा के घर तक सड़क पहुंचाने के दावे हवा-हवाई ही साबित हुए हैं। ओलंपिक और एशियन गेम्स में प्रदेश के हॉकी खिलाड़ी वरुण के शानदार प्रदर्शन के बाद वर्ष 2022 में तत्कालीन वन मंत्री राकेश पठानिया ने गुनियाला से खडंदर तक डेढ़ किलोमीटर सड़क वन विभाग द्वारा बनाने की घोषणा की थीं। एक वर्ष बीत जाने के बाद वन मंडलाधिकारी की ओर से इस बावत लिखित प्रस्ताव न पहुंचने की बात सामने आई है तो वहीं पंचायत प्रतिनिधि के मुताबिक वे एक वर्ष पूर्व ग्राम सभा से सड़क संबंधी प्रस्ताव बना कर विभागीय कार्यालय भेज चुके हैं। ऐसे में अब कहां कमी रह गई यह बड़ा सवाल है।
इस कारण हॉकी खेल में नाम कमाने वाले खिलाड़ी के घर तक सड़क की राह रोड़ा बनती नजर आ रही है। ओसल पंचायत के तहत आते देवीदेहरा से गुनियाला तक बनी चार किलोमीटर सड़क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। इतना ही नहीं, गुनियाला से खडंदर सड़क महज घोषणा तक ही सीमित रही है। गांव में हॉकी खिलाड़ी वरुण शर्मा का भी पैतृक घर है। हालांकि, वर्तमान में हॉकी खिलाड़ी समेत उनका परिवार पंजाब में शिफ्ट हो चुका है, लेकिन समय मिलने पर अपने पैतृक गांव तक पहुंचने में उन्हें पैदल सफर तय करना पड़ता है। गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए राजनेता, विभागीय अधिकारी तो बड़े-बड़े दावे पेश कर चुके हैं, लेकिन ये दावे महज फाइलों में ही दफन होकर रह गए हैं। इसका जीता-जागता प्रमाण गुनियाला से खडंदर तक का कच्चा और पगडंडी भरा रास्ता है। ग्रामीणों में राकेश कुमार, नरेश कुमार, योगराज, प्रताप चंद, अशोक कुमार और नरेश कुमार ने बताया कि हॉकी खिलाड़ी के छोटे से गांव का नाम विश्व पटल पर चमकाने के बाद भी राजनेताओं की घोषणा अब तक धरातल पर नहीं उतर पाई है। सड़क के अभाव में गांव की 150 की आबादी को परेशानियां उठानी पड़ रही है।
ओसल ग्राम पंचायत बंदना देवी ने बताया कि ओसल पंचायत के अप्पर गुनियाला तक सड़क की हालत काफी खराब है। पंचायत ने एक किलोमीटर सड़क पर टायरिंग डाली है। गुनियाला से खडंदर भारतीय हॉकी खिलाड़ी वरुण के घर तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। इसके लिए वन विभाग को ग्राम सभा का प्रस्ताव बना कर भेजा गया है, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हो पाया है।
डीएफओ डलहौजी रजनीश महाजन ने बताया कि हॉकी खिलाड़ी वरुण शर्मा के घर तक सड़क निर्माण करवाया जाना है। ओसल पंचायत ग्राम सभा में सड़क निर्माण के लिए एफआरए का केस बनाकर डीएफओ कार्यालय भेज दे। एफआरए का केस आते ही बिना समय गवाएं सड़क निर्माण की औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएगी।