चंबा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खुशनगरी में वार्षिक सामारोह के दौरान मेधावीयों को सम्म
चुराह (चंबा)। राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खुशनगरी का वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में प्रदेश हज कमेटी के पूर्व चेयरमैन दिलदार अली बट्ट ने मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थिति दर्ज करवाई। कार्यकारी प्रधानाचार्य चंपा शर्मा और एसएमसी अध्यक्ष असलम खान ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांधा। कार्यकारी प्रधानाचार्य चंपा शर्मा ने विद्यालय और विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर जानकारी दी। उन्होंने स्कूल के विकास से संबंधित कुछ मांगें मुख्यातिथि के समक्ष उठाईं। इसके उपरांत अपने संबोधन में मुख्यातिथि ने विद्यालय के वार्षिक समारोह के सफल आयोजन के लिए स्कूल प्रबंधन और विद्यार्थियों को बधाई दी। बट्ट ने विद्यालय प्रबंधन व एसएमसी की मांग पर सरकार के माध्यम से स्कूल के खेल मैदान को बड़ा करवाने के लिए बजट उपलब्ध करवाने सहित विद्यालय में एनसीसी व एनएसएस यूनिट शुरू करवाने, दसवीं और जमा दो कक्षा की परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र स्थापित करवाने सहित विद्यालय की छत की मरम्मत के लिए सरकार से बजट उपलब्ध करवाने, प्रवक्ताओं के रिक्त पदों को भरवाने, स्कूल की चहारदीवारी सहित शौचालयों के लिए सरकार से बजट उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी ओर से 31 हजार रुपये की राशि प्रोत्साहन स्वरूप दी। उन्होंने स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चुराह के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर, ग्राम पंचायत गुवाड़ी के प्रधान जन्म सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चुराह के कार्यकारी अध्यक्ष जस्सा राम भारद्वाज आदि मौजूद रहे।