चंबा के मुगला में अवैध रूप से हाईवे पर पार्क की गई गाड़ी।
चंबा। पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर मुगला बाजार के समीप अवैध रूप से वाहन पार्क किए जा रहे हैं। इसके चलते जाम की समस्या पैदा हो रही है। ऐसे में वाहन चालकों समेत राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। ऐसा ही वाकया शुक्रवार को दोपहर करीब तीन बजे देखने को मिला। यहां एक युवक निजी कार हाईवे के किनारे बेतरतीब पार्क करके चला गया। इस दौरान कुछ ही देर बाद जाम लग गया। ऐसे में करीब बीस मिनट तक यहां वाहन रेंगते रहे। रमेश कुमार, शम्मी कुमार, अमरजीत सिंह, राकेश कुमार, संजू कुमार आदि का कहना है कि युवक पिछले दो- तीन दिन से ऐसा ही कर रहा है। ऐसे में जाम की समस्या पैदा हो रही है। स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अवैध रूप से हाईवे के किनारे वाहन पार्क करने वालों पर कार्रवाई की जाए।