भरमौर-पठानकोट हाईवे पर पंचपूला के पास हवा में लटकी पंजाब रोड़वेज की बस। संवाद
- फोटो : Chamba
बनीखेत (चंबा)। डलहौजी से पठानकोट जा रही पंजाब रोडवेज की बस खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई। बस पंजपूला के पास अचानक बस भूस्खलन की चपेट में आ गई। बस का अगला भाग खाई की ओर लटक गया जिससे बस में बैठी करीब 35 सवारियों ने चीखना शुरू कर दिया। चालक ने तुरंत बस नियंत्रित कर लिया।
जब बस खाई के मुहाने पर रुकी तो सवारियों ने पिछले दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सभी यात्रियों को पुलिस ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उन्हें दूसरी बस में बैठाकर उनके गंतव्यों की ओर रवाना किया। यह बस शनिवार सुबह 5:15 बजे डलहौजी से पठानकोट के लिए रवाना हुई थी।
करीब 14 किलोमीटर दूर जाकर पंजपूला के पास 6:00 बजे बस भूस्खलन की चपेट में आ गई। जहां भूस्खलन हुआ उस स्थान पर दो माह पहले ही नया डंगा लगाया गया था। ऐसे में लोग डंगे के निर्माण कार्य पर भी सवाल खड़ा कर रहे हैं। डलहौजी के पुलिस उप अधीक्षक विशाल वर्मा ने बताया कि बस को क्रेन से खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।