चंबा। भद्रवाह से चंबा के लिए शुरू की गई सरकारी बस सेवा को लेकर भद्रवाह के साथ चंबा वासियों में खुशी का माहौल है। इसका पता उस समय चला, जब भद्रवाह से होते हुए बस चंबा की सीमांत क्षेत्र किहार पहुंची तो वहां स्थानीय लोगों ने बस को बीच सड़क पर रोक दिया। चालक और परिचालक को उतारकर हार पहनाए गए।
इसके अलावा बस में सफर करने वाले लोगों को चंबा आने पर शुभकामनाएं दीं। अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू होने से भद्रवाह और चंबा के लोगों के लोगों को लाभ मिलेगा। किहार के बाद जब बस सलूणी पहुंची तो वहां लोग पहले से बस के इंतजार में थे। बस पहुंचते ही सलूणी में आतिशबाजी कर लोगों ने खुशी जताई। चालक और परिचालक को भी सम्मानित किया। मणिमहेश यात्रा के लिए काफी संख्या में भद्रवाह और डोडा से श्रद्धालु टैक्सी कर चंबा पहुंचते थे। अब बस सेवा शुरू होने से श्रद्धाल कम किराया देकर भद्रवाह से चंबा पहुंच पाएंगे।