उपमंडल चुराह के भंजराड़ू में दंगल मेले का हुआ आयोजन
दंगल मेले में देश भर के विभिन्न राज्यों से पहुंचे पहलवान
तीन लाख रुपये बड़ी माली, जीत के पहलवानों ने बहाया पसीना
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। भंजराड़ू में आयोजित पारंपरिक दंगल में विभिन्न राज्यों से पहुंचे नामी पहलवानों ने दांव-पेंच लगाए। दिन भर चले मुकाबले देखने के लिए हजारों लोग अखाड़े के चारों ओर जुटे रहे। पहलवानों ने ताकत, तकनीक और फुर्ती का प्रदर्शन किया जिस पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट और जयकारों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। दंगल मेले का मुख्य आकर्षण तीन लाख रुपये की बड़ी माली रही। दंगल के शुभारंभ पर विधायक डॉ. हंस राज मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान कई मुकाबले लंबे समय तक चले जिससे दर्शकों में अंत तक उत्सुकता बनी रही। आयोजन समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और अन्य राज्यों से नामी पहलवानों ने इसमें हिस्सा लिया। विजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार और सम्मान देकर सम्मानित किया गया। दंगल मेले के दौरान सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं भी सुचारु रहीं। स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में मेले में पहुंचकर पारंपरिक खेलों और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा दिया। मुख्यातिथि डॉ हंस राज ने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूत करते हैं। इस मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।