युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी दो दिन की रिमांड पर
आखिरी बार आरोपी युवक से मिलने के बाद युवती ने खा लिया था जहर
रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपी से युवती मौत को लेकर करेगी पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी को अदालत ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
अब पुलिस आरोपी से युवती की मौत को लेेकर पूछताछ करेगी। युवती के पिता ने अपनी बेटी की मौत के लिए युवक को जिम्मेदार ठहराया है। आरोप है कि आखिरी बार उनकी बेटी के साथ इसी युवक ने चंबा शहर में बात की थी। उसके बात करने के कुछ देर बाद युवती ने जहर खा लिया। वह कई दिन तक टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती रही। तीन दिन पहले उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने टांडा में जाकर युवती के शव का पोस्टमार्टम करवाया। उसके बाद पिता के बयान पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया था। वीरवार को उसे अदालत में पेश किया गया। यहां अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक की युवती के साथ सगाई हो चुकी थी। दोनों के बीच में यह रिश्ता लगभग दो साल तक चला। इसी बीच, युवक ने दूसरी लड़की के साथ शादी कर ली। इसके बाद युवती ने उससे रिश्ता तोड़ लिया। कुछ दिन पहले जब युवक ने उसे मिलने के लिए चंबा में बुलाया तो उसके बाद युवती ने जहर खा लिया। ऐसे में युवती के परिजनों ने उसके खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है।