तेलका(चंबा)। लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार सुबह तेलका-झोड़ा मार्ग पर अथेड़ के पीछे भारी भूस्खलन हुआ, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सड़क बंद होने से क्षेत्रवासियों और यात्रियों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा इंतज़ाम करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों से अपील की कि जब तक मलबा हटाकर मार्ग बहाल नहीं हो जाता, तब तक इस रास्ते का प्रयोग न करें और वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। सड़क अवरुद्ध होने से स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि राहत और आपातकालीन सेवाओं की आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। वहीं, क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द मार्ग को बहाल कर लोगों की परेशानी कम की जाए।