चंबा। जिले में सोमवार को दूरसंचार सेवाएं ठप पड़ गईं। इससे सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा। इसके चलते जिले के एक लख उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दूरसंचार सेवाएं पटरी से उतरी होने से अनभिज्ञ सरकारी-गैर सरकारी कार्यालयों में अपने कामकाज करवाने के लिए पहुंचने वाले लोगों को दिन भर इंतजार करने के बाद आखिरकार दोपहर बाद थकहार कर निराश लौटना पड़ा। सोमवार सुबह नौ बजे के करीब दूरसंचार सेवाएं बंद पड़ गईं। इससे ऑनलाइन कार्य करने वाले साइबर कैफे, लोकमित्र केंद्रों समेत विभिन्न विभागीय कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह से बंद हो गया।
आईटीआई में युवा ऑनलाइन दाखिले के लिए आवेदन नहीं कर पाए। योगराज, प्रताप चंद, अशोक कुमार, नरेश कुमार, संजीव कुमार आदि ने बताया कि वे जिला मुख्यालय में साइबर कैफे में राजस्व संबंधी कार्यों का निपटान करने के लिए पहुंचे लेकिन दूरसंचार सेवाएं पटरी से उतरी होने से वे अपने कार्य नहीं करवा पाए। दिन भर वे दूरसंचार सेवाएं सुचारु होने की आस लिए बैठे रहे लेकिन, दोपहर बाद तक सेवाएं बहाल न होने पर उन्हें निराश होकर घरों को लौटना पड़ा। बीएसएनएल के सहायक अभियंता रोशन ठाकुर ने बताया कि ओएफसी कटने से इस प्रकार की नौबत पेश आई। बहरहाल, जल्द व्यवस्था को सुचारु करवा दिया जाएगा।