कार्तिक स्वामी मंदिर कपाट खुलने की व्यवस्था संभालें तहसीलदार
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुगति में पार्किंग सहित मुहैया करवाई जाएं अन्य सुविधाएं : डॉ. जनक राज
134 दिनों के बाद मंदिर के कपाट खुलने पर दर्शन के लिए उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। 134 दिन के बाद कार्तिक स्वामी मंदिर कुगति के कपाट खुलने की व्यवस्था का जिम्मा तहसीलदार स्तर के अधिकारी के पास होना चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को कार्तिक स्वामी के दर्शन करने में परेशानी न हो। यह बात भरमौर के विधायक डॉक्टर जनक राज ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के दौरान कही। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग इस बात का विशेष ध्यान रखे कि भरमौर से लेकर कुगति तक सड़क कहीं भी अवरूद्ध न हो। बैसाखी वाले दिन जब कार्तिक स्वामी मंदिर के कपाट खुलेंगे तो जिले के विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालु अपने वाहनों के जरिये कुगति पहुंचेंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन को पहले से तैयारियां करनी होंगी। कुगति में पार्किंग के लिए उचित व्यवस्था करवाई जाए। मंदिर में लाइट की उचित व्यवस्था करने के लिए बिजली बोर्ड को जेनरेटर की उचित व्यवस्था करनी चाहिए। श्रद्धालुओं को कतार में दर्शन करने की व्यवस्था करवाई चाहिए। मंदिर के आसपास बने शौचाल्य में साफ-सफाई को लेकर उचित कदम उठाए जाएं। संवाद