तीसा (चंबा)। तरवाई पुल के समीप बंद तीसा-बैरागढ़ मुख्य मार्ग पर छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने यह मार्ग 22 मई तक छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया है।
इससे चुराह विधानसभा क्षेत्र की दस पंचायतों के हजारों लोगों को राहत मिलेगी। वे 22 मई तक रसोई गैस सिलिंडर सहित खाद्य सामग्री और अन्य जरूरत का सामन इकट्ठा कर सकेंगे। 23 जून से इस मार्ग को फिर वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया जाएगा। इसे फिर पूरा पहाड़ गिराने के बाद ही यातायात के लिए खोला जाएगा। लोक निर्माण विभाग मंडल चुराह ने लोगों को आवश्यक सामग्री जुटाने के लिए यह सुविधा दी है।
गौरतलब है कि तरवाई पुल के पास तीसा-बैरागढ़ मुख्य मार्ग पर पहाड़ी को गिराया जा रहा है। यह मार्ग पिछले करीब 24 दिन से बंद है। इस कारण लोगों को रसोई गैस सिलिंडर सहित कई प्रकार की समस्याओं से दो-चार होना पड़ रहा था। अमर उजाला ने भी इस मामले को प्रमुखता से उठाया था।
22 जून तक मार्ग छोटे वाहनों के लिए खुलने से चुराह हलके की दस पंचायतों मंगली, जुनांस, बौंदेड़ी, गुईला, देवीकोठी, सतियास, बैरागढ़, सीरी, गुलेई और टेपा की 20 हजार की आबादी को लाभ होगा। लोग खाद्य सामग्री, दैनिक उपयोग और अन्य जरूरत का सामान एकत्रित कर सकेंगे। गौरतलब है कि बीते वर्ष 11 अगस्त को एक टाटा सूमो वाहन तरवाई पुल के पास पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से नाले में जा गिरा। हादसे में छह पुलिस कर्मचारियों समेत वाहन चालक की भी मौत हो गई। लोक निर्माण विभाग ने इस जर्जर हो चुके पहाड़ को गिराने का कार्य शुरू किया है। पानी की बौछार कर भी जर्जर पहाड़ को गिराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मशीनरी से पहाड़ को तोड़ने का कार्य शुरू किया है। ऐसे में मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद है। इस कारण क्षेत्र के डिपुओं में राशन की खेप नहीं पहुंच पाई। घरेलू गैस सिलिंडरों और दैनिक उपयोग का सामान लाने के लिए भी लोगों को जान जोखिम में डालकर पहाड़ पर चढ़कर दूसरे छोर तक पैदल जाना पड़ रहा था।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि तीसा-बैरागढ़ मार्ग तरवाई के पास छोटे वाहनों के लिए 22 जून तक खोल दिया गया है। ग्रामीण जरूरत का सामान एकत्रित कर लें। महज पांच मीटर ऊंची पहाड़ी को गिराना शेष है। 23 जून को दोबारा मार्ग बंद कर कार्य शुरू किया जाएगा।
उपमंडलाधिकारी नागरिक चुराह शशि पाल शर्मा ने बताया कि लोगों की उनके पास कुछ शिकायतें पहुंची थीं। इसके बाद विभाग को कुछ दिनों के लिए मार्ग वाहनों के लिए बहाल करने की बात कही गई। मार्ग छोटे वाहनों के लिए बहाल हुआ है। बताया कि मशीनरी और लेबर पहाड़ी के जर्जर हिस्से को जल्द हटाकर समस्या का स्थायी हल कर देंगे।