ऑफ-आवर्स और अवकाश के दिनों में कार्य कराने के निर्देशों का विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जनगणना-2027 को लेकर चंबा प्रशासन की ओर से जारी आदेशों के खिलाफ शिक्षक वर्ग में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जनगणना प्रशिक्षण में भाग ले रहे कर्मचारियों और शिक्षकों ने आदेशों का विरोध करते हुए प्रशासन से तत्काल संशोधन की मांग की है। चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस संबंध में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मचारियों और शिक्षकों ने तहसीलदार धरवाला के माध्यम से उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर आपत्तियां दर्ज करवाई हैं। ज्ञापन में अभिषेक ठाकुर, अजय कुमार, चमन लाल, कृष्ण कुमार, पंकज कुमार ठाकुर, चेतन शर्मा, सुरेश कुमार, चरण सिंह और प्रवेश कुमार ने बताया कि जनगणना कार्य से जुड़े हालिया निर्देशों पर पुनर्विचार करने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य, सर्वेक्षण और सत्यापन का कार्य स्कूल कार्यालय समय के बाद और अवकाश के दिनों में करने के निर्देश दिए गए हैं जो व्यावहारिक नहीं हैं। इस प्रकार के आदेश कर्मचारियों के मौलिक अधिकारों का हनन करते हैं और जनगणना से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भावना के भी विपरीत हैं। यदि उनकी मांगों पर समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वह आंदोलन करने को विवश होंगे।