रोजाना बदल रहे शिक्षक, पढ़ाई प्रभावित
छतरूई प्राथमिक स्कूल में स्थायी शिक्षक नहीं
दो साल से प्रतिनियुक्ति के सहारे चल रही पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। राजकीय प्राथमिक विद्यालय छतरूई में 25 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रतिनियुक्ति पर तैनात शिक्षक के सहारे चल रही है। ऐसे में रोजाना शिक्षकों के बदल-बदल के आने पर बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। हैरत की बात है कि पिछले एक-दो सालों से स्कूल में कोई भी स्थायी शिक्षक तैनात नहीं है। इसको लेकर वीरवार को अभिभावकों ने उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा कि वर्ष 2022 से पहले दो शिक्षक तैनात थे। इसके बाद एक शिक्षक का तबादला दूसरे स्कूल के लिए हो गया। जबकि, पिछले वर्ष तैनात दूसरे शिक्षक का भी तबादला हो गया है। इसके बाद प्रतिनियुक्ति के सहारे ही बच्चों की पढ़ाई चल रही है। अभिभावकों ने अब यह निर्णय लिया है कि जल्द स्कूल में स्थायी शिक्षक की तैनाती नहीं करवाई गई तो वे अपने बच्चों का दूसरे स्कूल में दाखिला करवाने के लिए मजबूर हो जाएंगे। अभिभावकों रणजीत, मदन, रतनों, विक्रम, किशन लाल, सुरिंद्र, परविंद्र, जयकरण आदि का कहना है कि अध्यापकों के बारे में कई बार शिक्षा विभाग को अवगत करवाया गया है लेकिन समस्या का आज दिन तक समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने उपायुक्त से मांग उठाई है कि जल्द छतरूई स्कूल में स्थायी शिक्षक की तैनाती की जाए।