चंबा। शिक्षा में नवाचार को लेकर जिला के शिक्षक अलग-अलग प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर में भौतिक शास्त्र के प्रवक्ता राजीव कुमार को हाल ही में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की ओर से सम्मानित किया गया।
राजीव कुमार को यह सम्मान शिक्षा क्षेत्र में विभिन्न नवाचार, गतिविधि आधारित शिक्षण, विद्यालय की अन्य गतिविधियों में भाग लेकर विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए कार्य को लेकर दिया गया है। इसके अलावा सरकार की ओर से चलाए गए सभी फ्लैगशिप कार्यक्रमों को विद्यालय स्तर पर क्रियान्वित किया गया है। इसके अलावा इसी साल अध्यापक राजीव कुमार की देखरेख में विद्यालय को बेस्ट ईको क्लब का खिताब भी मिला है। प्रधानाचार्य राज कुमारी ने बताया कि स्कूल में नवाचार से विद्यार्थियों को पढ़ाया जा रहा है। इसमें प्रवक्ता राजीव कुमार का काफी योगदान है।