बनीखेत(चंबा)। बेरोजगार कला अध्यापक संघ जिला चंबा का प्रतिनिधिमंडल बनीखेत में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलेगा। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न सरकारी स्कूलों में खाली चल रहे कला अध्यापकों के पदों को भरने की मांग की जाएगी। जिला अध्यक्ष विपन कुमार, सचिव रविंदर कुमार, उपसचिव अनिता देवी, कोषाध्यक्ष हरजीत सिंह, मुख्य सलाहकार विजय कुमार, प्रवक्ता गजेंद्र सिंह व सदस्यों में गौरव कुमार, नवीन कुमार ने बताया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 1574 पद कला अध्यापकों के खाली हैं। मुख्यमंत्री के गृह जिला मंडी में ही 284 पद रिक्त हैं। इसके अलावा शिक्षा मंत्री के क्षेत्र में 140 पद खाली हैं। लेकिन सरकार द्वारा इन रिक्त पड़े पदों को नहीं भरा जा रहा है। संघ का कहना है कि कला अध्यापक व शारीरिक शिक्षकों के लिए सौ बच्चों की शर्त रखी गई है। जबकि अन्य श्रेणियों में बिना किसी शर्त के भर्तियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर पंचायत चुनावों से पहले कला अध्यापकों की नियुक्तियां करने की गुहार लगाएंगे ताकि बेरोजगार कला अध्यापकों को राहत मिल सके।