चंबा। जिले में टीबी मुक्त अभियान चलाने का शेड्यूल तय हो गया है। इस अभियान में सेवाएं देने वाली टीमों का प्रशिक्षण भी पूरा हो चुका है। 20 दिसंबर से जिले के दस गांवों में स्वास्थ्य विभाग टीबी मुक्त अभियान चलाएगा। इस दौरान गांव में रहने वाले हर परिवार के सदस्य की स्क्रीनिंग की जाएगी।
स्क्रीनिंग के दौरान टीबी संभावित लक्षणों वाले लोगों का पता लगाया जाएगा। इस प्रकार के लक्षण वाले व्यक्ति मिलने पर उनके बलगम का सैंपल लेकर टीबी की जांच की जाएगी। गांवों में 20 दिन तक टीबी रोगी खोजने का अभियान चलाया जाएगा। इसी सर्वेक्षण में जिले में टीबी की प्रतिशतता दर का पता लगाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग चंबा ने टीबी मुक्त अभियान के तहत राज्य में रजत पदक हासलि करने के लिए आवेदन किया है। इसे लेकर राज्य के तय मानकों के अनुसार स्वास्थ्य टीमें चिह्नित 10 गांवों में टीबी के मरीजों की पहचान करने का अभियान चलाएंगी। इस अभियान में स्वास्थ्य खंड किलाड़ में झलवास गांव को चिह्नित किया गया है, जबकि तीसा में डोब डिकरियुंड, किहार में जखराल और बरवाड़ी, समोट में पुखरी और हाथी धार, पुखरी में मेडिकल कॉलेज चंबा का वार्ड नंबर दो और घगरौता गांव, चूड़ी में गुड्डा और स्वास्थ्य खंड भरमौर में गरोला गांव को चिह्नित किया गया है।
टीबी प्रोग्राम के जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर हरित पुरी ने बताया कि 20 दिसंबर को जिले में टीबी मुक्त अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए टीमों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।