चंबा। पांगी घाटी के लोगों की आवाजाही के लिए भले ही वाया कुल्लू मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया लेकिन तिंदी के पास नाले में जमी बर्फ के कारण टैक्सी चालकों को गाड़ी चलाने में परेशानी हो रही है। खड़ी चढ़ाई पर बर्फ पर गाड़ी चलाने में हादसे का खतरा बना रहता है। बर्फ में टायर फिसल रहे हैं, जिससे गाड़ियां पीछे की ओर खिसक रही हैं। वीरवार को पांगी से एक दर्जन टैक्सियां चंबा के लिए रवाना हुईं जो तिंदी में फंस गईं। । चालकों ने गाड़ियों को वहां से निकालने का भरपूर प्रयास किया लेकिन गाड़ियां नहीं निकल पाईं। इसको लेकर टैक्सी चालकों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किया है। यह मार्ग ग्रिफ के अधीन है। टैक्सी चालकों संजीव कुमार, विपिन कुमार, आशू, मनोज कुमार, अजय कुमार और संजय कुमार ने बताया कि पांगी से वाया कुल्लू-मनाली होकर चंबा सवारियों को पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। तिंदी के पास सड़क पर काफी बर्फ गिरी है। इसके लिए उन्होंने प्रशासन और विभाग से मांग की है कि तिंदी में सड़क से बर्फ को हटाकर वहां मिट्टी और पत्थर डाले जाएं।