चंबा-तीसा मार्ग पर कल्हेल के पास सड़क पर पलटी जीप। संवाद
- फोटो : Chamba
तीसा (चंबा)। चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर कल्हेल के समीप दोपहर 2:00 बजे एक टैक्सी सड़क के बीचोबीच पलट गई। गनीमत रही कि वाहन के सड़क पर पलटने से चालक घायल नहीं हुआ। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। दोपहर बाद 3:00 बजे ग्रामीणों की मदद से गाड़ी को वहां से हटाकर किनारे किया गया। उसके बाद वाहनों की आवाजाही सुचारु हो पाई।
राजीव कुमार, नरेश कुमार, कपिल कुमार, प्रमोद कुमार और हाकम चंद ने बताया कि कल्हेल से नकरोड़ की ओर एक टैक्सी जा रहा थी जिसमें केवल चालक ही था। कल्हेल से महज 200 मीटर की दूरी तय करने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोबीच पलट गया। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर कल्हेल के पास पैरापिटों का निर्माण करवाया जाए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि सड़क पर जल्द पैरापिट लगवाने की व्यवस्था की जाएगी।