चंबा। शहर की सड़कों पर तारकोल उखड़ चुकी है। इससे राहगीरों समेत वाहन चालकों को आवाजाही करने में परेशानी हो रही है। बरसात में इन सड़कों की हालत सबसे ज्यादा खस्ता हो गई थी। तबसे लेकर अब तक यहां न तो तारकोल बिछाई गई न ही कंकरीट। राहगीरों सुरेश ठाकुर, मनोज कुमार, हंसराज, जितेंद्र कुमार, रवि, सोनू और जय सिंह ने बताया कि नगर परिषद हाउस टैक्स तो थोक के हिसाब से बढ़ा रही है लेकिन शहरवासियों को उस हिसाब से सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। मुख्य बाजार से लेकर अन्य सड़कों की हालत काफी खस्ता हो चुकी है। गड्ढों की भरमार है। तारकोल उखड़ चुकी है। समय रहते मरम्मत कार्य नहीं किया गया तो आने वाले समय में हालात और भी खराब हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन व नगर परिषद से मांग की है कि शहर की सड़कों को जल्द सुधारा जाए।