चंबा-तीसा मार्ग 12 दिन में बहाल करने का लक्ष्य
लोक निर्माण विभाग ने छोटे वाहनों के लिए खोल दिया है मार्ग, डंगा धंसने से क्षतिग्रस्त हो गई है सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
तीसा (चंबा)। लोक निर्माण विभाग ने चंबा-तीसा मार्ग को 12 दिन में बड़े वाहनों के लिए बहाल करने का लक्ष्य रखा है। विभाग शुक्रवार से कंकरीट के डंगा का निर्माण कार्य शुरू कर रहा है। हालांकि, छोटे वाहनों के लिए मार्ग बहाल कर विभाग ने लोगों को राहत दी है। मूसलाधार बारिश के बाद बीते मंगलवार को सुबह 10:00 बजे रखालू माता मंदिर के पास सड़क के नीचे का डंगा धंसने से 12 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। इससे चुराह की 43 पंचायतों सनवाल, झज्जाकोठी, देहग्रा,शलेलाबाडी, थनेईकोठी, कुठेड़ बधोडा़, हरतवास, सेईकोठी, मंगली, बौदेडी- जुनास- गुईला- सत्यास, शिरी, बैरागढ़, घुलेई,टेपा, देवीकोठी, गुवाडी़- खुशनगरी,पधर, भंजराडू, खजुआ, जुगरा, बिहाली तीसा-1, तीसा-2 नेरा,लेसुई, गंडफरी, भराडा़, टिकरीगढ़- देहरोग, चांजू-चरड़ा बगेईगढ़, देहरा,जसौरगढ़- दियोला, डौरी, थल्ली, (चिल्ली शतेवा) का जिला मुख्यालय के साथ संपर्क पूरी तरह से कट गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची विभागीय लेबर ने जान जोखिम में डालते हुए कमर में रस्सी बांधकर डंगा लगाने के लिए क्षतिग्रस्त डंगे के स्थान पर खुदाई का कार्य किया। सायं पांच बजे विभागीय आलाधिकारियों की निगरानी में डंगा लगाने का कार्य पूरा करने के बाद मार्ग छोटे वाहनों के लिए खोल दिया। लिहाजा, अब विभाग आगामी 12 दिनों में बड़े वाहनों के लिए मार्ग को यातायात के लिए बहाल करने के लिए प्रयासरत है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद विभाग ने छोटे वाहनों के लिए मार्ग बहाल करवा गया है। अब बड़े वाहनों के लिए मार्ग आगामी 12 दिनों में बहाल करवा दिया जाएगा।