तीनों बच्चे पिता को मृत देखकर रह गए सन्न, रो-रो कर हुआ बुरा हाल
पहले मां छोड़कर चली गईं मायके, अब पिता का हमेशा के लिए उठा साया
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। दो बेटों के साथ देर रात तक बातें करने वाला पिता अगली सुबह पेड़ पर झूलता हुआ मिला। जिसे देख दोनों बेटे और बेटी भरोसा ही नहीं कर पाए।
उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका पिता अचानक ऐसा कदम भी उठाएगा। बुधवार रात को सुरेंद्र कुमार ने अपनी 17 वर्षीय बेटी, 12 और 13 वर्षीय बेटों के साथ खाना खाया। इसके बाद बेटी अपने कमरे में सोने के लिए चली गई। सुरेंद्र और दोनों बेटे एक साथ कमरे में सो गए। तीनों के बीच काफी देर तक बातों का दौर भी चलता रहा। बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों बेटों की आंख लगी तो पिता उन्हें सोता हुआ छोड़कर घर के पास खेत में चला गया और पेड़ से फंदा लगा दिया। वीरवार सुबह नींद से जागने के बाद बेटे पहले यही सोच रहे थे कि उनका पिता शायद कहीं बाहर घूमने गए होंगे लेकिन उन्हें क्या पता था कि कुछ ही देर में उन्हें पिता की मौत की खबर सुनने को मिलेगी। घर के बाहर से रोने की आवाज सुनकर तीनों बच्चे दौड़कर बाहर पहुंच गए। जब उन्होंने अपने पिता को मृत देखा तो उनकी चीख निकल गई। पहले मां के मायके जाने पर उनके सिर से मां का साया हटा था, अब पिता भी उन्हें हमेशा के लिए छोड़कर चला गया।