चंबा। विंटर क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सुल्तानपुर और तनहोला क्रिकेट टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सुल्तानपुर की टीम ने तनहोला को 43 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में सुल्तानपुर के लक्की ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए टूर्नामेंट का पहला शतक जड़ा और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सुल्तानपुर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 203 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से लक्की ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 65 गेंदों में 135 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 15 छक्के और पांच चौके लगाए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया। वहीं, तनहोला की ओर से रिंकू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए। 204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तनहोला की टीम निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 157 रन ही बना सकी। टीम की ओर से जीतू ने 64 रन और रोहित नारंग ने 45 रन की उपयोगी पारियां खेलीं, लेकिन वे टीम को जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचा सके। सुल्तानपुर की ओर से उमेश और प्रियान ने दो-दो विकेट हासिल कर विपक्षी टीम की रनों की रफ्तार पर अंकुश लगाया। इस तरह सुल्तानपुर ने 43 रन से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टूर्नामेंट के दौरान वेटरन टीम और राजेंद्र/रायल्सिन टीम के बीच प्रदर्शनी मुकाबला भी खेला गया। इसमें वेटरन टीम ने 27 रन से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। दर्शकों ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।