जिला स्तरीय चंद्रशेखर मंदिर में साहो जातर में दूसरे दिन उमड़ा जनसैलाब
बारिश भी नहीं रोक पाई उत्साह, लोक गायकों और सुहाली नृत्य ने बांधा समां
संवाद न्यूज एजेंसी
साहो (चंबा)। ऐतिहासिक चंद्रशेखर मंदिर साहो में आयोजित जिला स्तरीय तीन दिवसीय जातर के दौरान सुहाली और भस्मासुर नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे।
पारंपरिक परिधान के तहत पुरुर्षों ने चोला-डोरा, साफा और पजामा पहना कर कदम से कदम मिलाते हुए सर्किल में सुहाली नाटी की मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रस्तुति से प्रभावित हो लोग भी पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाते नजर आए। बुधवार को चंद्रशेखर मंदिर में खूब चहल-पहल रही। मौसम खराब होने और बीच-बीच में बारिश होने के बावजूद सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक जातर का आनंद लेने पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान लोक गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को पूरी तरह भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। पारंपरिक सुहाली नृत्य ने पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया। जिसे देखने के लिए लोग देर तक डटे रहे। मंदिर परिसर में दिनभर भीड़ का माहौल बना रहा और लोगों ने मेले का भरपूर आनंद लिया। स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की भी अच्छी खासी उपस्थिति देखने को मिली। मंदिर कमेटी के प्रधान अदीप चौणा सहित अन्य सदस्य भी इस अवसर पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। तीन दिवसीय इस जातर का वीरवार को समापन होगा।