चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुनारा के टेलीकम्युनिकेशन ट्रेड के विद्यार्थियों के लिए 19 से 21 नवंबर तक तीन दिवसीय कार्यस्थल आधारित प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण बीएसएनएल के फाइबर वेंडर मनीष मल्होत्रा के मार्गदर्शन में दिया जा रहा है। इस दौरान एस्कॉट अध्यापक योगेश्वर और अनीता बताया कि विद्यार्थियों को फाइबर ऑप्टिक तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान दिया जा रहा है। इसके तहत उन्होंने फाइबर केबल की स्ट्रिपिंग, कटिंग, सफाई, स्प्लाइसिंग, कनेक्टर लगाने और केबल की जांच करने की तकनीकें सीखीं। इसके अलावा विद्यार्थियों को एफटीटीएच ब्रॉडबैंड कनेक्शन की कार्यप्रणाली के बारे में भी बताया गया। उन्हें फाइबर नेटवर्क में आने वाली तकनीकी समस्याओं की पहचान करने और उनका समाधान करने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव प्रदान करना और उनके तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल को विकसित करना है। इससे विद्यार्थियों को उद्योगों में काम करने की व्यावहारिक समझ मिलेगी। साथ ही भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर हासिल करने में भी मदद मिलेगी।