चंबा के बीआरसीसी कार्यालय में कार्यशाला के दौरान मौजूद अध्यापक
चंबा। जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों को कंप्यूटर में निपुण बनाया जाएगा। इससे विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ कंप्यूटर का ज्ञान हासिल कर निकट भविष्य में इसका फायदा उठा सकते हैं। इसी के तहत बीआरसीसी कार्यालय चंबा में पांच दिवसीय तकनीक वृद्धि कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें चंबा ब्लॉक, सिंहुता, चुवाड़ी और बनीखेत से जुड़े 160 शिक्षक भाग ले रहे हैं। कार्यशाला का मकसद सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर तकनीक को बढ़ावा देना है। आईसीटी के जिला समन्वयक विशाल शर्मा ने बताया कि कार्यशाला के माध्यम से जिले के टीजीटी और सीएंडवी अध्यापकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस मौके पर समन्वयक इमरान खान, मनोज कुमार, आशीष और मुकेश शर्मा ने कार्यशाला में मौजूद अध्यापकों को कंप्यूटर तकनीक की जानकारी दी। इसमें केनवा, गूगल स्यूट और कंप्यूटर नेटवर्किंग के बारे में बताया गया।