चंबा। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुम्हारका के मेधावी मंगलवार को पीएम श्री ज्वाहर नवोदय विद्यालय सरोल में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। सरोल स्कूल प्रशासन ने कुम्हारका से पहुंचे विद्यार्थियों और शिक्षकों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नवोदय स्कूल की बेहतर शिक्षा व्यवस्था को समझा। साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी को भी निहारा। नवोदय की मेस को देखने और विद्यार्थियों को मुहैया होने वाले भोजन का जायका भी लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन डाइट सरू के सौजन्य से किया जा रहा है। चार दिन तक चलने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्कूल के नौवीं, दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के 25 मेधावियों ने भाग लिया। यह जानकारी कुम्हारका स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश कश्यप ने दी। उन्होंने इस एक्सपोजर के लिए डाइट सरू और नवोदय स्कूल प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यार्थी आंचल, सिया, शबनम, यामिनी, हनी, स्नेहा, नेहा, प्रिंस आदि हिस्सा ले रहे हैं।