चंबा। चुराह में गोवंश की हत्या को लेकर हिंदू परिषद ने कड़ी नाराजगी जताई है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसको लेकर बुधवार को विश्व हिंदू परिषद ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। परिषद के जिला अध्यक्ष अमरजीत अरोड़ा ने बताया कि सोशल मीडिया में गोवंश हत्या की फोटो वायरल हो रही है। चुराह तहसील के अलावा जिले के अन्य इलाकों में भी गोवंश की हत्याएं बढ़ी हैं। इसमें पुलिस की कड़ी कार्रवाई देखने को नहीं मिली है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाए। कहा कि चंबा शांतिप्रिय जिला है। इसके साथ ही धार्मिक दृष्टि से संवेदनशील भी है। जिले की सीमाएं जम्मू-कश्मीर से लगती हैं। कई बार आतंकी घटनाएं भी हो चुकी हैं। ऐसे में इस प्रकार की घटनाएं चिंता का विषय है। गोवंश हिंदू समाज के लिए पूजनीय है। कहा कि यदि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो हिंदू समाज को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।