चंबा। क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान अजमेर में आयोजित क्षमता निर्माण एवं गाइडेंस और काउंसलिंग प्रशिक्षण कार्यशाला में कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की जिला समन्वयक और दो वार्डनों ने भाग लिया। इसमें छात्रावासों में काउंसलिंग व्यवस्था को मजबूत बनाना और वार्डनों को आधुनिक मनोवैज्ञानिक, शैक्षिक एवं सामाजिक जरूरतों से परिचित करवाना रहा। कार्यशाला में भाग लेने वालीं जिला समन्वयक डॉ. कविता बिजलवान, मैहला छात्रावास की वार्डन रोहिणी शर्मा और बघेईगढ़ की वार्डन प्रेमलता ठाकुर ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान गाइडेंस एवं काउंसलिंग का महत्व, किशोर बालिकाओं की विशेष चुनौतियां, वंचित समुदायों की आवश्यकताएं और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के संदर्भ में काउंसलिंग के परिप्रेक्ष्य पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा और पंचकोश सिद्धांत की आधुनिक काउंसलिंग में भूमिका को भी प्रमुखता से समझाया गया। प्रशिक्षण के विशेष सत्र में डाइट चंबा द्वारा तैयार कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों पर आधारित पुस्तक उड़ान: बेटियों के हौसलों की को एनसीईआरटी की प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. रेखा रानी, डॉ. अशोक कुमार एनसीईआरटी की रिसोर्स फैसिलिटी डॉ दया पंत को औपचारिक रूप से प्रदान किया गया।