चंबा। जिला चंबा शतरंज एसोसिएशन द्वारा 10 से 11 अगस्त 2025 तक राज्य स्तरीय अंडर-17 शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल के बहुउद्देशीय हाल में यह प्रतियोगिता ओपन एवं लड़की वर्ग श्रेणी में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 10 अगस्त को जिला रोजगार अधिकारी चंबा अरविंद सिंह चौहान करेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संजीव सूरी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने सभी चयनित खिलाड़ियों से आग्रह किया है कि नौ अगस्त शाम तक ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीकरण करवा लें। प्रतियोगिता के समापन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं युवा आईपीएस अधिकारी शिवानी मैहला विजेताओं को सम्मानित करेंगी। डॉ. संजीव सूरी ने बताया कि इस प्रतियोगिता के आयोजन में एनएचपीसी चमेरा चरण दो सहित विभिन्न व्यापारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग किया है।