पांगी में मनाया जाएगा राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की बैठक की अध्यक्षता, जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जनजातीय उपमंडल पांगी (किलाड़) में 15 अप्रैल को आयोजित किए जाने वाले राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिला मुख्यालय में बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की। बैठक में उपस्थित जिला स्तर के विभिन्न विभागीय अधिकारियों को उपायुक्त ने राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के आयोजन में उनके विभागीय दायित्व के बारे में महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह जनजातीय क्षेत्र पांगी के उपमंडल मुख्यालय किलाड़ के हेलिपैड में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में राज्य के विभिन्न जिलों के नाट्य दलों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। डीसी ने जिला स्तरीय विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पांगी में अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को राज्य स्तरीय आयोजन में अपने विभागीय दायित्व का जिम्मेदारी और गंभीरता से निर्वहन करने के बारे में निर्देशित करें। इस अवसर पर एडीएम अमित मेहरा, एसीटूडीसी पीपी सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन ठाकुर, उपआयुक्त राज्य कर एवं आबकारी नूतन महाजन, जिला विकास अधिकारी ओम प्रकाश ठाकुर सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।