चंबा। जिले में इस माह आयोजित होने वाली अंडर-19 छात्रा वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को कोरोना प्रोटोकॉल की अनुपालना सुनिश्चित बनानी होगी। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा विभाग चंबा की ओर से समस्त स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए हैं। स्कूल प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान सामाजिक दूरी नियम की पालना सुनिश्चित करें। साथ ही आयोजन स्थल में पहुंचने वाले हरेक विद्यार्थी की थर्मल स्क्रीनिंग की जाए।
इसके बाद ही खिलाड़ियों को प्रवेश दिया जाए। इसके अलावा मैच खेलते समय ही खिलाड़ी बिना मास्क रहेंगे जबकि शेष समय में उन्हेें मास्क अनिवार्य रूप से पहनना होगा। जानकारी के अनुसार इसी माह अंडर-19 वर्ग छात्रा के चार जोनों की खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। 17 अगस्त से इसकी शुरुआत की जाएगी। लिहाजा, इससे पहले ही उच्च शिक्षा विभाग ने खिलाड़ियों को कोरोना गाइडलाइन के बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं। स्कूल मुखिया यह सुनिश्चित बनाएं कि खिलाड़ी कोरोना नियमों को दरकिनार न करें और ज्यादा भीड़ भी एकत्रित न की जाए। गौरतलब है कि जिले सहित प्रदेश में पिछले करीब एक माह से कोरोना के मामले लगातार बढ़े हैं। ऐसे में निदेशालय की ओर से कोरोना नियमों की पालना के साथ खेलों को जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उच्च शिक्षा उपनिदेशक प्यार सिंह चाढ़क ने खबर की पुष्टि की है। कहा कि खेलों का आयोजन किया जाएगा। बशर्ते, खिलाड़ियों और स्कूल प्रमुखों को कोरोना नियमों की अनुपालना सख्ती से करनी होगी।