भरमौर (चंबा)। नागरिक अस्पताल भरमौर में मरीजों को विशेषज्ञ सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।
कहने के लिए अस्पताल में सर्जन, गायनी, शिशु और एमडी विशेषज्ञ के पद स्वीकृत हैं, लेकिन विशेषज्ञों की तैनाती कभी भी अस्पताल में नहीं हो सकी। इसके चलते मरीजों को आज भी विशेषज्ञ की सेवाएं लेने के लिए 60 किलोमीटर दूर चंबा मेडिकल कॉलेज जाना पड़ता है। हालांकि, अस्पताल में मेडिकल अफसर कार्यरत हैं, लेकिन कई बार मरीज को बीमारी का इलाज करवाने के लिए विशेषज्ञ से जांच करवानी पड़ती है। जब ऐसी नौबत आती है तो मरीजों को चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाता है। भरमौर उपमंडल में जब भी कोई दुर्घटना हो तो उसमें घायल होने वाले लोगों को नागरिक अस्पताल में लाया जाता है। यहां प्राथमिक उपचार देने के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाता है। ऐसे में जब भरमौर अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती होगी तो दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों को वहां बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी।
स्थानीय निवासी प्रताप चंद, किशोर कुमार, हंसराज, देस राज, सूरज कुमार, प्यार सिंह, बलदेव और सुरेश कुमार ने बताया कि नागरिक अस्पताल भरमौर में मौजूदा समय में एक भी बीमारी का विशेषज्ञ नहीं है। बीमार बच्चों से लेकर गर्भवतियों को विशेषज्ञ से जांच करवाने के लिए चंबा की दौड़ लगानी पड़ रही है। सरकार से कई बार स्थानीय लोग मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी भी सरकार ने उनकी मांग को पूरा नहीं किया है। भरमौर अस्पताल में जो रेडियोलॉजिस्ट तैनात था। उसे भी सरकार ने तबादला करके दूसरी जगह भेज दिया है। अब भरमौर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड भी बंद हो चुके हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कपिल शर्मा ने बताया कि भरमौर अस्पताल में चल रही विशेषज्ञों की कमी के बारे में सरकार और विभागीय उच्चाधिकारी को अवगत करवा दिया गया है।